अलीगंज में महिला की मौत के बाद मौके पर जानकारी करती पुलिस ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव ढिवैया अख्तयारपुर में महिला की मौत हो गई। मायके वालों ने फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मृतका के भाई हरिवंश सिंह निवासी हंसापुर गौराईपुर थाना शमसाबाद जिला फर्रुखाबाद का आरोप है कि बहन अंजली की फांसी लगाकर हत्या की गई है। बताया कि बहन की शादी दो मई 2017 को बलवीर सिंह निवासी ढिवैया अख्तयारपुर के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद बलवीर, इसकी मां सरोजनी देवी और छोटा भाई उत्तम अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये और एक बाइक की मांग करने लगे थे।
बहन ने मायके आने पर कई बार शिकायत भी की थी। बताया कि मांग पूरी न होने पर मारपीट कर उसे प्रताड़ित किया जाता है। बलवीर व अन्य को समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन उत्पीड़न जारी रहा। हरिवंश का आरोप है कि सोमवार की रात बहन की हत्या फांसी लगाकर कर दी और शव को कमरे में फंदे पर लटका कर सभी फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पोस्टमार्टम कराकर शव मायके वालों को सौंप दिया गया है।