एटा। अलीगंज कस्बे के अमरोली रोड स्थित आतिशबाजी के गोदाम में सोमवार दोपहर के समय जोरदार विस्फोट हो गया। यह विस्फोट इतना भीषण था कि दीवारें टूट गईं और लिंटर नीचे आ गिरा। जमीन में गहरा गड्ढा हो गया। इस समय गोदाम में कोई नहीं था, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। दूर-दूर तक पहुंची धमाके की आवाज सुनकर लोग सहम गए। करीब एक घंटे बाद तक गोदाम में आग धधकती रही।
बताया गया है कि यह गोदाम हारून आतिशबाज का था। तीन दिन पूर्व भी इसी के पास हारून के ही एक छोटे गोदाम में धमाका हुआ था। स्थानीय निवासी धीरज कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ धमाका इतनी तेज था कि डर की वजह से मैं दुकान से भागकर बाहर निकला। देखा कि गोदाम की छत फट गई और दीवार की ईंटें दूर तक जा गिरीं। गनीमत थी कि कोई आसपास नहीं था। वरना जान बचाना मुश्किल होती।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के कई लोग इकट्ठे हो गए। इस गोदाम में बारूद के साथ ही तंबाकू भी रखी थी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
इस बीच करीब एक घंटे तक गोदाम से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता रहा। करीब एक घंटे के बाद अलीगंज पुलिस की कोबरा टीम मौके पर पहुंची। बाद में दमकल की टीम ने आग को बुझाया। अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया की आतिशबाजी के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। जिसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंस को चेक कर गोदामों का निरीक्षण कराया जाएगा। पता किया जाएगा की आतिशबाज को किस तरह का लाइसेंस दिया गया है।