सकीट। विकासखंड क्षेत्र के कस्बा रिजोर में खुदाई के समय निकली मूर्ति की अब तक एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) द्वारा जांच नहीं हो सकी है। लोगों में इसको लेकर बेचैनी है। मूर्ति के संबंध में जैन और बौद्ध समुदाय के अपने-अपने दावे चल रहे हैं। पेयजल परियोजना के लिए खुदाई के दौरान यह मूर्ति 20 जून को निकली थी।
प्रशासन की सूचना पर 22 जून को आगरा से एएसआई की टीम आई। मूर्ति को थाने में संरक्षित कराया और इसके फोटो, वीडियो बनाकर ले गई। हालांकि, अभी तक जांच कर टीम ने पुष्टि नहीं की है मूर्ति किस भगवान की है।
स्थानीय लोगों को जांच और पुष्टि का बेचैनी से इंतजार बना हुआ है। जैन समाज के लोग मूर्ति स्थापित कराने के लिए भी प्रयासरत हो गए हैं।
मंगलवार को जैन समाज के लोगों ने बैठक कर मूर्ति की स्थापना के लिए चर्चा की गई। मूर्ति को महावीर भगवान की बताते हुए कहा कि हम जैन समाज के लोगों का सौभाग्य है कि खुदाई के समय निकली मूर्ति के दर्शन करने को मिले। मूर्ति सकीट ब्लॉक में निकली है इसलिए इसी क्षेत्र में स्थापित कराई जाए। बैठक में अशोक जैन, मुकेश चंद्र जैन, अमित जैन, अजय जैन, अक्षत जैन, अंकित जैन, मयंक जैन, विकास जैन आदि लोग उपस्थित रहे।