बागवाला में स्वास्थ्य मेला के दौरान एक स्टॉल का निरीक्षण करतीं राज्य महिला आयोग की सदस्य रामसखी ?
- फोटो : ETAH
एटा। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत बुधवार को शीतलपुर ब्लॉक स्थित बागवाला आगरा सकीट पीएचसी पर स्वास्थ्य मेले लगाए गए। बागवाला में मेला का उद्घाटन कर उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया ने कहा कि योगी सरकार ग्रामीणों के स्वास्थ्य को लेकर फिक्रमंद है। इन मेलों से ग्रामीण क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिलेगा।
ब्लॉक व पीएचसी सकीट स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने किया। कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हित में कार्य कर रही है। सरकार की निगरानी में लोगों को विभिन्न रूपों में शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2025 तक टीबी के खात्मे पर सरकार काम कर रही है। जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने कहा कि शासन के निर्देश पर ब्लॉक स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बागवाला में 802 और सकीट में 1274 मरीजों ने पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया है। एसीएमओ डॉ. राम सिंह, डॉ. राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
महिला आयोग की सदस्य ने सुनीं महिलाओं की समस्याएं
एटा। राज्य महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं। कहा कि मिशन शक्ति के चतुर्थ चरण में राज्य सरकार महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। जनसुनवाई के दौरान 8 महिलाओं ने प्रकरण प्रस्तुत किए। इनमें लक्ष्मीबाई सम्मान योजना की धनराशि खाते में न पहुंचने, पुत्र द्वारा उत्पीड़ित किए जाने, दहेज और घरेलू हिंसा, मारपीट, धोखाधडी की शिकायतें कीं। महिला आयोग की सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को निस्तारण करने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी नगर कालू सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी यश वर्मा, बाल संरक्षण अधिकारी सुखवीर सिंह, महिला थानाध्यक्ष नंदनी सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद