जलेसर के नगला मितन में कोरोना टीकाकरण शिविर का उद्घाटन करते सांसद प्रो. एसपी सिंह।
- फोटो : ETAH
जलेसर: वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव टीकाकरण ही कर सकता है। इस महामारी को भगाने के लिए हम सभी को हर हाल में टीकाकरण कराना है। यह बात सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने विकासखंड क्षेत्र जलेसर के गांव नगला मितन में शुक्रवार को आयोजित टीकाकरण शिविर के दौरान कहीं।
नगला मितन में स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सेवा भारती के सहयोग से उदय मैकेनिकल वर्क्स पर टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन क्षेत्रीय सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल ने किया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण का कार्य संतोषजनक है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के लोग इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे। उन्होंने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचने के लिए 18 वर्ष से अधिक उम्र के हर व्यक्ति को टीकाकरण जरूर कराना चाहिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। टीकाकरण से ही इस महामारी से बचा जा सकता है, लोग किसी भी तरह के भ्रम में न आएं। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीकाकरण में ग्रामीणों की कम भागीदारी के चलते स्वास्थ्य विभाग गांव-गांव टीकाकरण करा रहा है। शिविर का संचालन नगर संघ चालक दिनेश बंसल तथा नगर कार्यवाह अटल बिहारी वार्ष्णेय ने किया। शिविर में 198 लोगों ने टीकाकरण कराया। वहीं 145 लोगों ने कोविड जांच भी कराई। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक संजीव दिवाकर, सीएचसी अधीक्षक डॉ. पवन शर्मा, नगर संघ संचालक दिनेश बंसल, अटल वार्ष्णेय, दानसहाय, लोकेंद्र पाठक, दिगंबर सिंह ठाकरे, रामबहादुर सिसोदिया, पम्मी ठाकुर, जितेंद्र सिंह, नागेंद्र प्रताप सिंह, अशोक शर्मा, सुधांशु भारद्वाज, जितेंद्र दिवाकर, एदल सिंह बघेल, लोकेंद्र दत्त पाठक, अमित गुप्ता रहे।