एटा। अलग-अलग सड़क हादसों में मैनपुरी निवासी दो युवकों की मौत हो गई। मलावन थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर बुधवार सुबह छछैना पुल के पास एक खड़े टैंकर में कंटेनर वाहन पीछे से जा घुसा। इससे कंटेनर के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बागवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोलाकुआं चौराहा पर एक ट्रक ने युवक को रौंद दिया।
मलावन थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर नगरिया निवासी शिशुपाल ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि उसका साला मैनपुरी जनपद के नगला मूले निवासी 25 वर्षीय अभिषेक बुधवार को पैर में दर्द की दवा के लिए आया था। इस दौरान गोलाकुआं के पास एक ट्रक ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मलावन थाना क्षेत्र के अंतर्गत छछैना पुल के पास एक टैंकर में कंटेनर जा घुसा। इससे कंटेनर के क्लीनर मैनपुरी के नगला कंज निवासी 20 वर्षीय रोहित की मौत हो गई। एसआई महीपाल ने बताया कि कंटेनर मैनपुरी की तरफ जा रहा था। पीछे से टैंकर में लगा है। वाहनों को वहां से हटवा दिया है।
टैंकर में भरा है केमिकल
छछैना के ग्रामीणों ने बताया हादसा होने के बाद वह मौके पर गए। इससे उनकी आंखों में जलन होने लगी। उन्होंने बताया कि टैंकर में केमिकल भरा है। आंखों में अधिक समस्या होने पर कुछ लोगों को दवा लेने के लिए चिकित्सक के पास जाना पड़ा।