एटा। बुखार के चलते दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं सोमवार रात से लेकर मंगलवार तक बुखार पीड़ित आठ लोगों को मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां से दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। शहर के ही मोहल्ला आंबेडकरनगर निवासी बंटी की दो साल की बच्ची को तीन-चार दिनों से बुखार आ रहा था। मंगलवार को हालत ज्यादा बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज के इमजरेंसी वार्ड पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन बच्ची के शव को लेकर वापस चले गए।
उधर, सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में मुवीना फातिमा पुत्री अब्दुल्ला निवासी बाबूगंज, राजेश पुत्र जगदीश निवासी सिरसा बदन थाना मारहरा, प्रियंका पत्नी रवि चौधरी निवासी दिनेश नगर, अमित पुत्र वीरेंद्र निवासी खरसैला थाना जसरथपुर, प्रीति पत्नी ब्रजमोहन निवासी सत्तारपुर थाना मिरहची, यश पचौरी पुत्र सुरेश पचौरी निवासी निधौली कलां, सुभाष पुत्र इतवारीलाल निवासी आंबेडकरनगर और सोनू पुत्र सूरजपाल निवासी बिछंद थाना जैथरा को बुखार की हालत में भर्ती कराया गया। सुभाष और सोनू की रैपिड कार्ड से जांच में डेंगू के लक्षण मिले। दोनों की ही हालत गंभीर थी। जिसके चलते उन्हें उच्च उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।