एटा में बस में पीएसी के दो आरक्षी भिड़ गए। दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए। मारपीट में एक जवान घायल हो गया। डिप्टी कमांडेंट ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।
उत्तर प्रदेश के एटा में दो पीएसी आरक्षियों के बीच मंगलवार को किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात धीमे-धीमे हाथापाई में बदल गई। इसके बाद एक आरक्षी ने दूसरे आरक्षी पर लात घूंसे बरसाना शुरू कर दिए। घायल आरक्षी को अन्य साथी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां उसका उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र की है। 43वीं वाहिनी पीएसी के आरक्षी बस में सवार होकर लखनऊ मुख्यालय जा रहे थे। जैसे ही बस बटालियन से निकली इसमें सवार आरक्षी विजयपाल और प्रेमवीर के बीच कहासुनी होने लगी। बात बढ़ी और विवाद होने लगा। इसी बीच विजय पाल ने प्रेमवीर को लात-घूंसों से मारना शुरू कर दिया।
साथ ही अन्य साथियों ने बीच-बचाव किया। तब तक प्रेमवीर की नाक से खून बहने लगा। यह देखकर अन्य आरक्षी उसको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उपचार चल रहा है। 43वीं वाहिनी पीएसी बटालियन के डिप्टी कमांडेंट कमल किशोर ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। इस प्रकार की कोई घटना हुई है, तो जांच व कार्रवाई की जाएगी।