एटा। कोतवाली नगर के मोहल्ला बापू नगर में मध्यप्रदेश के एक युवक से कंपनी में एचआर बनवाने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने हाथरस के युवक सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं एक अन्य मामले में 80 हजार रुपये हड़पने का मुकदमा लिखाया गया है।
कोतवाली नगर में अमित कुमार निवासी प्रताप कॉलोनी शहर व जिला मुरैना मप्र का आरोप है कि आठ फरवरी 2018 को शहर के मोहल्ला बापू नगर में संदीप कुमार निवासी नावली थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस सहित दो लोगों ने दो लाख रुपये लिए थे। आश्वासन दिया था कि एक कंपनी में एचआर के पद पर नौकरी दिला दी जाएगी। इसके बाद गुमराह करते रहे। नौकरी न लगने पर जब रकम मांगी तो मारपीट कर धमकी दी।
कोतवाली नगर में ही सुहेल खां निवासी पीपल अड्डा ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अमित कुमार निवासी गुरुद्वारा थाना मंडावली दिल्ली ने 80 हजार रुपये हड़प लिए हैं। उसकी कृषि यंत्रों की दुकान है। कृषि यंत्रों की खरीद करने के लिए अमित को रकम दी थी, लेकिन उसने यंत्र नहीं भेजे और रकम को हड़प कर लिया।