उत्तर प्रदेश के एटा जिले में बाइक सवार के सामने दौड़कर सांड़ निकला। अचानक से सांड़ सामने आने से बाइक उसमें टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
एटा में तेरहवीं की दावत खाने जाते समय एक बाइक सांड़ से टकरा गई। इसकी वजह से चालक की मौत हो गई और साथ बैठा युवक घायल हो गया। वहीं दूसरी दुर्घटना में कासगंज जिले के अमांपुर थाना क्षेत्र से एटा आते अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार की जान चली गई।
विज्ञापन
थाना मलावन क्षेत्र के गांव सेंथरी निवासी प्रवीन कुमार ने मेडिकल कॉलेज में बताया कि सोमवार की देर शाम घर से भाई की ससुराल में तेरहवीं की दावत खाने जा रहे थे। बाइक तहेरे भाई राधेश्याम (40) चला रहे थे। दिन में कोर्ट में तारीख होने के कारण देरी हो गई। इसलिए भाई की ससुराल नगरिया धुमरी के लिए देर से निकल पाए। बाइक जैसे ही बागवाला थाना क्षेत्र में गोलाकुआं के पास पहुंचे तो सांड़ से टक्कर हो गई। इसकी वजह से दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया। बताया कि राधेश्याम पंजाब में रहकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे और कुछ दिन पहले ही घर आए थे।
दूसरी दुर्घटना में गांव बीनपुर थाना अमांपुर निवासी योगेश (35) सोमवार की देर शाम कासगंज से एटा की और आ रहा था। रास्ते में गांव आलमपुर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने योगेश को मृत घोषित कर दिया।