उत्तर प्रदेश के एटा में हाईवे पर ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां से उन्हें आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में एक किशोर की मौत हो गई। हादसा मलावन थाना क्षेत्र में कंगरौल गांव के समीप हुआ।
हादसे में कासगंज जिले के अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव ढूंडरा निवासी अनिल कुमार (17) की मौत हुई है। जबकि मौसी का लड़का बिट्टू निवासी सिरसा थाना कुरावली जिला मैनपुरी और ममेरा भाई जंगाड़ी निवासी गांव दूदेई मई थाना कंपिल जिला फर्रुखाबाद गंभीर रूप से घायल हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने अनिल व जंगाड़ी की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। रास्ते में अनिल ने दम तोड़ दिया। वहीं जंगाड़ी का आगरा में इलाज चल रहा है।
बागवाला थाना क्षेत्र स्थित पुलिया के पास सोमवार की शाम हादसा हो गया। हादसे में नगर कोतवाली क्षेत्र के द्वारकापुरी निवासी हरनाथ सिंह की पत्नी मंगला देवी (35) की मौत हो गई। जबकि हरनाथ घायल हो गए।
अन्य हादसे में कासगंज जिले के अमांपुर थाना क्षेत्र के बरसौड़ा निवासी सोनू प्रताप घायल हो गए। इन्हें रिजोर थाना क्षेत्र के चपरई गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायल की बहन नीतेश ने बताया कि सोनू छोटे भाई रवि की सुसराल बाकलपुर आया था। वहां से लौटते समय रास्ते में हादसा हो गया।
अन्य हादसों में सिमरन निवासी जिरसमी, बंटी निवासी जीसुखपुर, कुलदीप निवासी कीलरमऊ सभी थाना बागवाला, शिशुपाल व धनपाल निवासी पिलुआ भी घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।