एटा। रविवार को लगा जैसे पूरा शहर सड़क पर उमड़ आया हो, इसके चलते सुबह से शाम तक जीटी रोड जाम रहा, इसके चलते लोग गलियों से गुजरे तो वहां भी स्थित दुरुह हो गई। हालात यह रहे कि सुबह नौ बजे से लगा जाम शाम तक लगा रहा, इसमें वाहन रेंग-रेंग कर गुजरते रहे।
रविवार से त्योहार पर आए लोग घरों को लौटने लगे, इसके चलते जीटी रोड पर शिकोहाबाद, अलीगंज प्राइवेट बस अड्डा सहित जीटी रोड पर रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ और उन्हें छोड़ने आए लोगों के वाहनों आदि के कारण जीटी रोड पर सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया। हालात यह रहे कि जेएलएन डिग्री कालेज से लेकर माया पैलेस चौराहा तक जाम के हालात बने रहे, इसमें वाहन रेंग-रेंग कर निकले।
जाम के चलते सबसे ज्यादा दिक्कत हाथी दरवाजा, सुभाष बाजार, ठंडी सड़क, पटियाली गेट, शिकोहाबाद रोड आदि संकरे और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर लोगों को उठानी पड़ी। ठंडी सड़क पूरी उखड़ी पड़ी है, यहां गहरे गड्ढों के कारण वाहन बीच सड़क के बजाए किनारों से निकले तो वहां पहले से खड़े टैंपो और डग्गामार बसों के कारण जाम में फंसकर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।