अलीगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम फर्दपुरा में सोमवार रात चोरों ने पांच लोगों के घरों को निशाना बनाया। लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। गांव फर्दपुरा निवासी पंकज, हरीबाबू्, महेश कुमार, रविंद्र और शिल्पी के मकानों में सोमवार रात चोर घुस गए। सेवानिवृत्त लेखपाल के पुत्र पंकज ने बताया कि चोरों ने घर के ताले तोड़ करीब पांच-छह लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। घर के सभी लोग दूसरे मकान में सो रहे थे। इनके अलावा शिल्पी और उसकी मां छत पर सो रही थी।
यहां से चोर करीब एक लाख रुपये का सामान ले गए। रविंद्र के घर का ताला तोड़कर बक्सा उठा ले गए। हालांकि बक्से में केवल कपड़े ही थे। हरिबाबू के घर से करीब हजार रुपये ले गए। महेश के घर का ताला तोड़ा तो आहट से लोग जाग गए और चोर भाग गए। मंगलवार सुबह लोग सोकर उठे तो वारदातों की एक के बाद एक जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। जिसने गांव में पहुंच जांच पड़ताल की। हालांकि अभी किसी ने भी लिखित में पुलिस को तहरीर नहीं दी है। प्रभारी निरीक्षक छतरपाल ने बताया कि चार घरों के चोरों ने ताले तोड़े हैं। सामान पंकज के घर से ही ले जा सके हैं। अभी तक तहरीर नहीं आई है।