एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव चाटी स्थित ईंट भट्ठा पर बदमाशों ने धावा बोल दिया। हथियारों के बल पर चौकीदारों को लूट लिया। उनसे नकदी, मोबाइल व अन्य सामान लूट ले गए। भट्ठा स्वामी ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली नगर के मोहल्ला संजय नगर निवासी राजेश यादव का कहना है कि 20 अक्तूबर की रात करीब 9.30 बजे गांव चाटी स्थित ईंट भट्ठा पर चौकीदार नरेश कुमार निवासी सिरसा टिप्पू और गंगासहाय निवासी कुरामई मौजूद थे। तभी बाइकों पर बदमाश आए और दोनों को हथियार दिखाकर कमरे की चाबी ले ली।
अंदर रखे 32 हजार 500 रुपये, दोनों चौकीदारों के मोबाइल, सीसीटीवी कैमरा, इनवर्टर आदि सामान लूटकर ले गए। वारदात के बाद चौकीदार नरेश कुमार ने अपने गांव पहुंचकर मोबाइल से जानकारी दी। तब भट्ठा पर पहुंचे। भट्ठा स्वामी का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। जिसकी फुटेज पुलिस को मुहैया करा दी गई हैं। लुटेरों के चेहरे साफ दिख रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक जयेंद्र सिंह मौर्य ने बताया कि मामला चोरी का है। तहरीर के आधार पर चोरी की मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश में टीम लगाई गई हैं।