एटा। थाना जलेसर में तैनात दरोगा बृहस्पतिवार को वांछित युवक को पकड़कर ला रहा था। तभी आरोपी ने दरोगा के पत्थर मारकर और दांतों से सात जगह काटकर लहूलुहान कर दिया। दरोगा की गिरफ्त से भागने का प्रयास भी किया, लेकिन भाग नहीं सका। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे उप निरीक्षक सुबोध कुमार ने क्षेत्र के गांव गनेशपुर निवासी वांछित आरोपी पप्पू सिंह को गांव से ही पकड़ लिया। आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास एक तमंचा-दो कारतूस मिले। आरोपी पप्पू को थाने ले जाने के लिए गाड़ी में बैठाया जा रहा था तभी उसने पास में पड़ा पत्थर उठाकर दरोगा के सिर में मार दिया। पत्थर लगने से दरोगा लहुलुहान हो गए। इस दौरान आरोपी ने खुद को छुड़ाने का प्रयास करते हुए दांतों से सात जगह दरोगा को काट लिया।
प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की वारदात में वांछित चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के प्रयास काफी समय से किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर गांव में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया गया। भागने के इरादे से उसने दरोगा सुबोध कुमार के सिर में पत्थर मारकर और दांतों से काटकर घायल कर दिया। आरोपी से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद कर उसे जेल भेजा गया है। घायल दरोगा का चिकित्सकीय परीक्षण और इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया है।