महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की परीक्षा देती छात्राएं। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। उप्र बोर्ड परीक्षा के दौरान एक छात्र के स्थान पर शिक्षक इंटरमीडिएट की परीक्षा देते पकड़ा गया। मुन्नाभाई के पकड़ में आने के बाद शिक्षाधिकारियों और पुलिस को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया गया। प्रधानाचार्य की तहरीर पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
परीक्षा केंद्र भारतीय इंटर कॉलेज न्यौराई पर सोमवार शाम की पाली में रसायन विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। इससे पहले केंद्र पर अधिक उम्र के परीक्षार्थी को लेकर सवाल भी उठाए गए। इसके बाद शिकायत आई, तब सोमवार को परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट प्रेरणा यादव, केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य डॉ. राघवेंद्र बाबू मिश्र ने मुन्नाभाई को पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद डीआईओएस और पुलिस को बुला लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सतेंद्र सिंह निवासी कल्यानपुर रारपटटी थाना कोतवाली देहात बताया। बताया कि वह तेजसिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज वाहनपुर में शिक्षक है। वहां पर ही पढ़ाई करने वाले छात्र बृतेश कुमार निवासी लोधीपुरम पीपल अड्डा थाना कोतवाली नगर की जगह पर परीक्षा दे रहा था। मुन्नाभाई के खिलाफ प्रधानाचार्य डॉ. राघवेंद्र बाबू मिश्र ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।