एटा। जलेसर कस्बे में रोडवेज का डिपो और स्टैंड बनकर तैयार हो रहा है। फरवरी माह में इसका शुभारंभ हो सकता है। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। लगभग 7.50 करोड़ रुपये से इसका निर्माण हो रहा है।
जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर जलेसर कस्बे तक रोडवेज की सेवा बेहतर नहीं है। ऐसे में लोग निजी या डग्गामार वाहन का सहारा लेते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार की ओर से लगभग 4 वर्ष पूर्व कस्बा में डिपो का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। काम अंतिम चरण में हैं।
क्षेत्रीय लोगों को उम्मीद है कि फरवरी माह में कार्य पूर्ण होते ही इसका शुभारंभ हो जाएगा। कस्बा निवासी प्रतीक शर्मा ने बताया कि सीधी बस सेवा मिलने से यहां के घुंघुरू-घंटी उद्योग को पंख लग जाएंगे। रामनेरश गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों के लिए जब आवागमन सुलभ होगा तो हर सुविधा आसानी से मिल जाएगी।
पहले चरण में 45 बसों का किया जाएगा संचालन
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जलेसर में बन रहे डिपो के बेड़े में पहले चरण के तहत 45 बसों को शामिल किया जाएगा। यह बसें जिला मुख्यालय ही नहीं, दिल्ली, आगरा, बरेली, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद और मैनपुरी के लिए आसानी से बस मिला करेंगी।