एटा। नगला बरा में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक 16 वर्षीय किशोरी का बाल विवाह रुकवा दिया। सूचना मिलने पर टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और किशोरी को रेस्क्यू कर अपने संरक्षण में ले लिया।
चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी व काउंसलर ज्योति शर्मा ने बताया कि किशोरी का विवाह पहले उसके प्रेमी के साथ तय हुआ था, लेकिन परिवार के आपसी विवाद के चलते वह रिश्ता टूट गया। इसके बाद परिजन ने उसकी शादी अन्य स्थान पर तय कर दी। सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बाल विवाह रुकवाया और किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में लिया। कार्रवाई के दौरान सपना तोमर, सुपरवाइजर नमन शर्मा, केस वर्कर सूर्य प्रताप सिंह और थाना पिलुआ की एएचटी टीम मौजूद रही। टीम ने बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए किशोरी की सुरक्षा सुनिश्चित की। किशोरी को मंगलवार को कल्याण समिति के सामने पेश किया जाएगा।