एटा। थाना रिजोर क्षेत्र में खेत पर कार्य कर रहे युवक पर जानलेवा हमला कर पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसी समय खाना लेकर पहुंची पत्नी को निर्वस्त्र कर दिया और छेड़छाड़ की। पीड़िता ने गांव के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता की ओर से गांव के ही अवनीश, इसके भाई अवधेश, हृदेश और अमन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि अवनीश आदि से रंजिश चली आ रही है। पति गांव के बाहर 20 जनवरी को खेत पर टेंपो में गोभी लाद रहे थे। वह खाना देने के लिए गई थी तभी दो बाइकों पर सवार होकर चारों लोग हाथों में लाठी, डंडा और धारदार हथियार व असलाह लेकर आ गए। आरोप है कि सभी मिलकर पति को खेतों की ओर हत्या करने के इरादे से खींचकर ले जाने लगे। विरोध किया और पति को बचाने का प्रयास किया तो दो लोग मुझे खींचकर एक तरफ ले गए और कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर दिया। इसके बाद छेड़छाड़ की।
पति को बुरी तरह से पीटा गया और मरा समझकर छोड़ गए। तब डायल 112 पर सूचना दी और घायल पति को पुलिस थाने लेकर आई। यहां से इलाज कराने के लिए भेज दिया गया। पति का इलाज कराने के बाद रविवार को लौटी तब पुलिस को तहरीर दी गई। थानाध्यक्ष अल्का तोमर ने बताया कि महिला की ओर से बढ़ा-चढ़ाकर तहरीर दी गई है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच कराई जा रही है। पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में चार्जशीट लगने के बाद समझौता कर लिया था। दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं।