शहर के ट्यूलिप पब्लिक स्कूल में परिणाम आने के बाद खुशी व्यक्त करते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : शहर के ट्यूलिप पब्लिक स्कूल में परिणाम आने के बाद खुशी व्यक्त करते छात्र-छात्राएं।
एटा। सीबीएसई परीक्षा परिणाम मंगलवार दोपहर को आया। मेधावियों ने अपनी योग्यता के दम पर आसमान छुआ, मानो प्रतिभा को पंख लग गए। 12वीं में असीसी कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा नैना जैन 99 फीसदी अंक हासिल किए। वह सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंट) बनकर लेखा क्षेत्र में अपना भविष्य उज्जवल करना चाहती हैं। जबकि 10वीं में असीसी कान्वेंट स्कूल के उत्कर्ष वार्ष्णेय ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर सभी से बढ़त हासिल की है। वह भविष्य में इंजीनियर बनना चाहते हैं।
जिले में कुल 27 विद्यालयों के 5323 विद्यार्थी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे। इसके लिए 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षाएं 15 फरवरी से 4 अप्रैल तक चलीं। हाईस्कूल में 3000 व इंटरमीडिएट में 2323 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में ये परीक्षाएं बिना किसी गड़बड़ी के कराई गई थीं। परीक्षा के बाद से ही इंटर के विद्यार्थियों ने अपने अगले लक्ष्य को हासिल करने की तैयारी शुरू कर दी थी।
हालांकि इसके लिए परीक्षा परिणाम का बेसब्री से इंतजार था। वहीं 11वीं में प्रवेश के लिए हाईस्कूल के विद्यार्थियों का परिणाम के लिए इंतजार बना हुआ था। मंगलवार को परिणाम जारी होते ही इंतजार समाप्त हुआ। मेधावियों ने जश्न मनाने के साथ ही अपने अगले लक्ष्य की ओर भी ध्यान देना शुरू कर दिया है।