एटा। जलेसर थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ पहले तो युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया। उसके चार दिन बाद नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ अपने दो दोस्तों संग मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घर पहुंचकर किशोरी ने सारी बात अपनी मां को बताई। इसके बाद केस दर्ज कराया गया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि वह अत्यंत गरीब है और आलू बीनने के साथ ही अन्य प्रकार की मजदूरी करती है। पति पलवल जिले में रहकर चिनाई-मिस्त्री का काम करता है। तीन बच्चों में छोटी बेटी 17 वर्ष की है। 10 मार्च को बेटी घर पर अकेली थी, तभी गांव नबीपुर साथा निवासी अमन घर में घुस आया और डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। कहा कि अगर किसी को बताया कि वह छोटे भाई को जान से मार देगा।
इसके बाद 14 मार्च को दोपहर के समय बेटी खेत पर चारा लेने जा रही थी तभी रास्ते में अमन ने उसका हाथ पकड़कर सरसों के खेत में खींच लिया। वहां उसके साथी कुलदीप और धर्मेंद्र पहले से मौजूद थे। धमकी देते हुए उसको नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह हिल-डुल नहीं पा रही थी।
इसके बाद इन लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। काफी देर बाद बेटी घर पर लौटी और अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी। आरोपियों का नाम बताते हुए कहा कि इन लोगों ने नशीला पदार्थ पिलाकर मेरे साथ दुष्कर्म किया। छोटे भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए किसी को बात न बताने को कहा है।