एटा। जनपद के सभी स्टेडियम 23 सितंबर से सरकारी गाइड लाइन के मुताबिक खोल दिए जाएंगे। वहीं पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में खेल गतिविधियां, टहलने व घूमने वाले लोगों को अब स्टेडियम में प्रवेश करने पर आईडी कार्ड दिखाना होगा। वहीं शुल्क भी देना होगा। अभी तक स्टेडियम में खिलाड़ियों के प्रवेश पर आईडी कार्ड नहीं दिखाना पड़ता था।
वहीं बाहरी लोग भी बिना आईडी कार्ड के प्रवेश कर टहलने व खेलने आते थे। जिला क्रीड़ा अधिकारी सिराजुद्दीन ने बताया कि 23 सितंबर से आईडी कार्ड के लिए पंजीकरण होना शुरू हो जाएंगे। एक अक्तूबर से बिना आईडी कार्ड के किसी भी खिलाड़ी व अन्य लोगों को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए निर्धारित किया शुल्क
जिला क्रीड़ाधिकारी सिराजुुद्दीन ने बताया कि 18 साल से ऊपर के खिलाड़ी व टहलने वाले लोगों के लिए 2 सौ रुपये प्रतिमाह शुल्क निर्धारित किया है वहीं 18 साल से कम के लिए 60 रुपये प्रतिवर्ष शुल्क निर्धारित किया है। वहीं आईडी कार्ड के लिए 20 रुपये शुल्क देना होगा व पंजीकरण का शुल्क अलग से देना होगा।
बैडमिंटन खेलने के लिए देना होगा शुल्क
स्टेडियम में बैडमिंटन खेलने वालों को भी शुल्क देना होगा। बैडमिंटन खिलाड़ियों से 3 सौ रुपये प्रति माह शुल्क वसूला जाएगा। जिसमें 100 रुपये लाइट का शुल्क लिया जाएगा।