एटा। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत जिले में मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन का कार्य तेज रफ्तार से जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रेमरंजन सिंह के मार्गदर्शन में अब तक करीब 60 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। प्रशासन इसे मिशन मोड में चला रहा है।
डीएम के निर्देश पर पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों, लेखपाल और कोटेदारों को बीएलओ के सहयोग के लिए लगाया गया है। इससे गणना प्रपत्रों के संग्रहण और डिजिटाइजेशन की गति में तेजी आई है। प्रत्येक दस बूथ पर एक सेक्टर अधिकारी तैनात किया गया है। कुल 131 अधिकारी लगातार क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं और लोगों को प्रेरित कर रहे हैं कि वे अपने गणना प्रपत्र सही-सही भरकर जल्द उपलब्ध कराएं। ताकि, समय से डिजिटाइजेशन पूरा किया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय और एसआईआर वार रूम से निरंतर अधिकारियों से संपर्क कर प्रगति रिपोर्ट ली जा रही है।उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
शत- प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले बीएलओ को प्रतिदिन एसआईआर चैंपियन ऑफ द डे घोषित कर सम्मानित किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा दोनों ही बढ़े हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि अभियान में प्रशासन का सहयोग करें।