एटा। कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। कहा कि एसआईआर किसी भी दशा में अपात्र मतदाता को सूची में शामिल नहीं किया जाए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश ने बताया कि बीएलओ मतदाताओं से गणना प्रपत्र एकत्रित कर उनकी डिटेल का डिजिटलाइजेशन करा रहे हैं। साथ ही बीएलओ द्वारा गैर एकत्रित किए गए मतदाताओं की अद्यतित संख्या भी उपलब्ध कराई गई है। जिले में प्रत्येक 10 बूथ पर एक जिला स्तरीय अधिकारी को पर्यवेक्षक के रूप में लगाया गया है जो गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की पूरी प्रक्रिया का निरंतर निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पंचायत सचिव, लेखपाल, चकबंदी लेखपाल सहित सभी जिला स्तरीय कर्मचारी इस कार्य में पूर्ण मनोयोग से लगे हुए हैं। यह कार्य समयबद्ध है व निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूर्ण कराया जाएगा। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदाताओं को प्रेरित करें। अपने गणना प्रपत्र सही तरीके भरकर व आवश्यक फोटोयुक्त दस्तावेज बीएलओ को शीघ्र उपलब्ध कराएं।
किसी भी दशा में अपात्र मतदाता को सूची में सम्मिलित नहीं किया जाएगा। भाजपा जिला महामंत्री सुशील गुप्ता, सपा जिलाध्यक्ष परवेज जुबेरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशिक हुसैन, गौरव यादव, नैना शर्मा, माकपा से राजाराम यादव, आम आदमी पार्टी से मोहम्मद शोएब आदि रहे।