एटा। थाना अलीगंज क्षेत्र के अंतर्गत गांव मितौलिया के समीप एक ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार महिला और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घायल शिवकुमार निवासी रामनगर थाना बिछवां जिला मैनपुरी ने बताया कि वह अपनी बहन ईश्वरी देवी (55) को लेकर उनकी ससुराल होतेपुर थाना कंपिल जिला फर्रुखाबाद जा रहा था। जैसे ही बाइक अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव मितौलिया के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राॅली ने टक्कर मार दी। जिससे हम दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने बहन को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुझको मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि घायल व मृतका के परिजन को सूचित कर दिया गया है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।