शिकोहाबाद रोड तिराहे पर हाथों के इशारे से यातायात संचालित करता ट्रैफिक पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। शहर में यातायात संचालन के लिए सिग्नल का प्रस्ताव बनाया गया, लेकिन यह फाइलों में कैद रह गया। ट्रैफिक संचालन आज भी हाथों से ही किया जा रहा है। बेतरतीब संचालन की वजह से लोग जाम से जूझ रहे हैं। तीन साल पहले के पुलिस और पालिका के प्रयास ठंडे पड़ गए हैं। 2018 में सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने शहर की इस समस्या और जरूरत को देखते हुए अपनी निधि से 10 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया।
लोक निर्माण विभाग को इसके लिए तकनीकी प्रस्ताव बनाने को पत्र भेजा, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने इस कार्य में अक्षमता जाहिर कर दी। इसके बाद पुलिस महकमे को प्रस्ताव भेजा गया। यहां से कुछ दिन आंतरिक विचार-विमर्श के बाद इसके लिए नगर पालिका द्वारा प्रस्ताव बनाने पर सहमति बनी। पालिका ने प्रस्ताव तैयार कर बोर्ड बैठक में रखा, जिसे मंजूरी भी मिल गई। लेकिन ट्रैफिक लाइट सिग्नल को अन्य कार्यों से अधिक महत्वपूर्ण नहीं समझा गया।
पुलिस महकमे ने भी बनाया था प्रस्ताव
इससे अलग एक प्रस्ताव पुलिस महकमे ने भी तैयार किया। 2019 में तत्कालीन एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने शहर मुख्यालय के साथ ही जलेसर और अलीगंज तहसील मुख्यालय के लिए भी तिराहों-चौराहों पर ट्रैफिक लाइट सिग्नल लगवाने के लिए सर्वे कराया। प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया, जिस पर कोई जवाब ही नहीं मिला।