एटा। विदेशों में ओमीक्रोन वैरिएंट की पहचान होने के बाद देश में हाईअलर्ट जारी किया गया है। विदेश यात्रा से लौटने वालों पर नजर रखी जा रही है और उनके सैंपल की जांच आने तक होम क्वारंटीन करने के आदेश जारी किए गए हैं। जिले में विदेश से आए 11 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विदेश से लौटे 11 लोगों के सैंपल स्वास्थ्य कर्मियों ने सोमवार तक लिए हैं। जो जांच के लिए आगरा भेजे गए हैं। इनमें कोरिया से आए जवाहर तापीय परियोजना के चार अधिकारी, अलीगंज में यूके और अबूधाबी की यात्रा करके आए चार लोग तथा शहर में दक्षिण अफ्रीका से एक और यूके से यात्रा करके दो लोग आए हैं। जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती है, सभी होम क्वारंटीन रहेंगे। निगेटिव जांच रिपोर्ट आने पर सामान्य व्यवहार में शामिल हो जाएंगे। सीएमओ ने कहा कि कोविड-19 की तीसरी लहर के रूप में विदेशों में ओमीक्रोन वैरिएंट ने दस्तक दे दी है। इसकी चपेट में आकर लोग जान गंवा रहे हैं। इस वैरिएंट को लेकर विदेश यात्रा करके आने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
--------
टीकाकरण : टॉप-10 में पहुंचा एटा
सीएमओ ने बताया कि कोविड टीकाकरण में जिला टॉप-10 में पहुंच गया है। सोमवार तक प्रथम डोज 10 लाख सात हजार 500 लोगों को लग चुकी है, जबकि दूसरी डोज चार लाख 28 हजार 800 लोग लगवा चुके हैं। इसके साथ ही एटा का स्थान प्रदेश में आठवां हो गया है।