मारहरा। थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर सिलोनी में सोमवार दोपहर संदिग्ध परिस्थिति में एक किशोर का शव शौचालय में फंदे पर लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गांव निवासी दीपक (15) का शव सोमवार दोपहर करीब एक बजे परिजनों ने शौचालय में अंगोछे से बने फंदे पर लटके देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। मृतक के भाई सुखदेव ने बताया कि परिजन खेत पर कार्य करने के लिए गए थे। दोपहर में वापस आए तो दीपक नहीं मिला। उसकी तलाश में घर पर लगी भीड़ में से गांव के ही किसी व्यक्ति ने देखा कि दीपक शौचालय में फंदे से लटका हुआ था। उसे उतारा गया तो मृत पाया। थाना पुलिस का कहना है कि कोई आरोप नहीं लगाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की सही वजह स्पष्ट हो जाएगी।