एटा। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देश पर जिले की तीनों तहसील क्षेत्रों में खाद-बीज की दुकानों पर छापेमारी की गई। कमियां मिलने पर 3 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। 5 दुकानों से खाद और बीज के नमूने लिए गए।
तहसील सदर में उप जिलाधिकारी और उप कृषि निदेशक की देखरेख में दुकानों की जांच की गई। वहीं, तहसील जलेसर में उप जिलाधिकारी व जिला कृषि अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी सहकारिता की टीम ने निरीक्षण किया। तहसील अलीगंज में उप जिलाधिकारी अलीगंज, अपर जिला कृषि अधिकारी और अपर जिला सहकारिता अधिकारी की निगरानी में दुकानों पर जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान मै. सुमित खाद भंडार जलेसर और साधन सहकारी समिति कठौली में स्टॉक, दर बोर्ड और बिक्री रजिस्टर में अनियमितताएं पाई गईं। दोनों दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। साथ ही, तीन उर्वरक और दो बीज के नमूने जांच के लिए गए जो प्रयोगशाला को भेजे जाएंगे।
वहीं तहसील सदर में भी पांच दुकानों का निरीक्षण किया गया। मै. वीपैक्स मिरहची और वीपैक्स मारहरा में खाद वितरित होती पाई गई। जबकि मै. ओम कृषि सेवा केंद्र मारहरा पर स्टॉक व रेट बोर्ड नहीं मिला। जिसके कारण उसे भी नोटिस दिया गया। साथ ही खाद विक्रेताओं और सहकारी समितियों के सचिवों को निर्देश दिए कि वे किसानों को पीओएस मशीन के माध्यम से, आधार कार्ड देखकर निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक बिक्री करें।
जिला कृषि अधिकारी डाॅ. मनवीर सिंह ने कहा कि रबी सीजन की बुवाई के लिए उर्वरक मिलने में कोई दिक्कत हो, तो किसान मोबाइल नंबर 8318595504, 9719553009, और 9720464700 पर संपर्क कर सकते हैं। शिकायत दर्ज करा सकते हैं।