एटा/ जलेसर। खरीफ की फसल खेतों में खड़ी है। आसमान से बारिश हो नहीं रहीं और विद्युत विभाग भी किसानों के साथ आंख मिचौली का खेल खेल रहा है। सूखती और बर्बाद होती फसलों को देख किसानों का धैर्य रविवार को जवाब दे गया। किसान सड़क पर उतर आए।
जलेसर क्षेत्र के बेरनी विद्युत सब स्टेशन पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया, वहीं सैंथरी क्षेत्र के किसानों ने विधायक विपिन वर्मा डेविड के आवास का घिराव किया। किसानों ने सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली रोस्टर के अनुसार दिए जाने की मांग की है।
रविवार को सदर तहसील के गांव भदों, सदलगढ़, घुटलई, पुरा, उमरायपुर आदि गांवों के पचास सेे अधिक किसान सदर विधायक विपिन डेविड वर्मा के अरुणा नगर स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने विधायक से कहा कि बीते तीन माह से गांव में बिजली नहीं पहुंच रही है। इससे खेतों में खड़ी धान की फसल सूखने लगी है। अगर बिजली मिल जाए तो फसल को सूखने से बचाया जा सकता है।
इधर जलेसर में अघोषित विद्युत कटौती को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु ने बेरनी विद्युत स्टेशन पर ताला जड़ दिया। नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष विक्की ठाकुर एवं मंडल महासचिव लखन यादव की अगुवाई में आयोजित आंदोलन में बताया कि जलेसर क्षेत्र ताज ट्रिपेजियम क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
यहां बड़े शहरों की तर्ज पर विद्युत बिल वसूला जाता है, इसके उपरांत भी विद्युत ग्रामीण क्षेत्र को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, इससे किसानों की फसलें सूख रही हैं। सिंचाई विभाग द्वारा नहर में पानी नहीं छोड़ा गया। इस कारण किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत स्टेशन पर मौजूद जेई कैलाश वर्मा द्वारा सोमवार से विद्युत व्यवस्था सुचारुमिलने का वादा किया, तब जाकर किसानों ने सब स्टेशन का ताला खोला। इस दौरान सॉरी यादव, आकाश यादव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
------------
तालाब में गिर जाते हैं तार
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि गांव में तालाब है। वहीं बिजली की लाइन निकली हुई है। विद्युत पोल व लाइन इतनी जर्जर है कि टूट कर तालाब में गिर जाते हैं। ऐसे मेें गांव वालों के सामने समस्या खड़ी हो जाती है।
------------
अधिकारियों को अवगत कराया
ग्रामीणों ने बताया कि लो वोल्टेज के साथ बिजली की समस्या को लेकर तीन माह में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। निगम के एमडी तक को मामले का शिकायती पत्र भेजा है।
-----------
नहीं दे रहे कनेक्शन
गांव उमरायपुर में घरेलू विद्युत आपूर्ति के लिए गांव में लाइन डाल दी गई। अभी तक सप्लाई चालू नहीं की गई। जब कि छह माह से अधिक का समय व्यतीत हो गया है। गांव के 25 व्यक्ति विद्युत कनेक्शन लेने को तैयार हैं।
----------
बोले ग्रामीण
खेती बाड़ी से परिवार की गुजर होती है। दस बीघा खेत में धान किए, लेकिन पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे वह सूखने की कगार पर है। गांव में बिजली आती ही नहीं है।
अजयवीर, निवासी पुरा
-------------
40 बीघा खेत में धान किए थे। बिजली न आने के कारण पानी समय से नहीं मिल पा रहा था। 20 बीघा धान को जुतवा दिया। अब 20 बीघा बचे हैं वह भी सूखने की कगार पर हैं।
दीपू, निवासी पुरा
----------------
गांव में लोग कनेक्शन लेने को तैयार हैं, लेकिन निगम के कर्मचारी सुनते ही नही हैं। वहीं आपूर्ति भी चालू नहीं की है। इससे गांव में अंधकार व्याप्त है, लोगों में डर बना रहता है।
-मदन सिंह, निवासी उमरायपुर
--------------
आठ बीघा खेत में धान किए बिजली मिल नहीं रही थी। इसी के चलते धान को जुतवा दिया। क्षेत्र में बिजली की बढ़ी समस्या है। पता नहीं कब समस्या का समाधान हो पाएगा।
गुलशन कुमार, निवासी भदों
----------
बोले विधायक
किसान हमारे अन्नदाता हैं। यह धूप हो या बरसात हर समय खेतों में काम करते हैं। इनके द्वारा जो अन्न पैदा किया जाता है। उसका ही हम सभी सेवन करते हैं। इनकी समस्या का तत्काल हल किया जाएगा। निगम के अधिकारियों से बात कर समस्या को दूर कराया जाएगा। जरूरत पड़ी तो लखनऊ तक मामले को ले जाएंगे।
विपिन डेविड वर्मा, सदर विधायक
---------