एटा। थाना बागवाला में एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपने ही गांव के अलाउद्दीन सहित दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुत्री के साथ गालीगलौज, छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। वहीं, जबरन शादी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की भी बात कही है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
युवती के पिता ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। अलाउद्दीन मेरी पुत्री के साथ आए दिन छेड़छाड़ करता है। रास्ते से नहीं निकलने देता है। वहीं उसकी मां अनीशा बेगम भी उसका पूरा साथ दे रही है। जिसकी वजह से हम लोग काफी परेशान हैं।
शुक्रवार को मैं मजदूरी करके घर लौटा तो पत्नी ने कहा कि अलाउद्दीन तमंचा दिखाकर हमारी पुत्री से छेड़छाड़ करता है। जब विरोध जताया तो गालियां देने लगा। जिसके बाद उसकी मां अनीशा बेगम से इस मामले की शिकायत की तो उसने भी बेटे का पक्ष लेते हुए गालीगलौज की।
पीड़ित का कहना है कि अलाउद्दीन ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा है कि जल्द ही लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर उसके साथ निकाह करेगा। जिसके चलते हम लोग काफी डरे हुए हैं। सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। उसके बाद रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया है।