अलीगंज। नयागांव थाना क्षेत्र के गांव गुनामई की महिला पूनम ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह से शिकायत की थी। महिला की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने पति के गांव जाकर पड़ताल की, इसमें अभी तक दूसरे विवाह की पुष्टि नहीं हो सकी है।
क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह से बृहस्पतिवार को कार्यालय में मुलाकात कर पूनम ने बताया कि उसकी शादी लगभग आठ साल पहले नयागांव थाना क्षेत्र के गांव गुनामई निवासी राजीव से हुई थी। शादी के बाद से उसके ससुराल पक्ष और पति का उसके प्रति व्यवहार बेहतर नहीं रहा। उसका पति कई साल से दिल्ली में रह रहा है, जो किसी दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी में है।
पूनम ने बताया उसके कई बार शिकायत करने पर भी उसको भरण पोषण की व्यवस्था नहीं की गई है। उसको बिना तलाक दिए दूसरी शादी करना गैर कानूनी है। महिला की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी ने गांव गुनामई में टीम भेजकर जांच कराई, जिसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। क्षेत्राधिकारी ने कहा मामले की पड़ताल कराई जा रही है, पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।