एटा। नगला अगर गांव में दिवाली की रात पटाखे फोड़ने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर मारपीट करने और महिलाओं समेत कई लोगों को जख्मी करने के आरोप लगाए हैं।
मामले में कार्रवाई न होने से नाराज दोनों पक्षों ने बृहस्पतिवार को एसएसपी डॉ. इलामारन और जिलाधिकारी एम. अरुनमोली से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपे।
नगला अगर निवासी गोदीलाल ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि 8 नवंबर की रात कुछ लोगों ने उनके घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए और ईंट-पत्थर फेंकने लगे।
इसके बाद रामचंद्र, पुनीत, प्रशांत और इंद्रपाल के घरों में घुसकर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और फरसे से हमला किया। इसमें कई लोगों के हाथ-पैर समेत शरीर पर चोटें आईं। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने पीड़ितों का निकलना मुश्किल कर दिया है। पुलिस इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
वहीं दूसरे पक्ष के ओमवीर ने आरोप लगाया कि रात करीब 8:30 बजे गांव के कुछ लोग उनके घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। विरोध करने पर कमलेश सहित कई लोग नाजायज असलहों के साथ घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में रखे दीपक और मोमबत्तियां तोड़ दीं।
महिलाओं के साथ असलहों की बटों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी डॉ. इलामारन जि. ने कहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।