मेडिकल कॉलेज में कार्य बहिष्कार के दौरान विरोध प्रदर्शन करते फार्मासिस्ट ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उप्र के प्रांतीय आह्वान पर चल रही हड़ताल के आठवें दिन भी दो घंटे कार्य बहिष्कार किया गया। मेडिकल कॉलेज स्थित औषधि भंडारण के सामने सुबह आठ से 10 बजे तक हड़ताल पर रहकर फार्मासिस्टों ने हुंकार भरी। कहा कि 20 सूत्री मांगे पूरी न होने तक हड़ताल जारी रखेंगे।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह सुमन ने बताया कि फार्मासिस्ट संवर्ग में अराजपत्रित पदों पर कार्यरत फार्मासिस्टों को पद योग्यता एवं कार्यदायित्व के अनुरूप अन्य समकक्षीय व तकनीकी डिप्लोमाधारी पद धारकों की तरह ग्रेड पे 4600 का वेतनमान प्रदान किया जाए। एलोपैथिक चिकित्सकों की अनुपस्थिति में फार्मासिस्टों को प्रदान किया जाने वाला प्रभार भत्ता 75 के स्थान पर 750 रुपये प्रतिमाह दिया जाए। फार्मासिस्ट का पद नाम फार्मेसी अधिकारी किया जाए। शासन की ओर से मांगों पर अमल नहीं किया जाता है तब तक हड़ताल जारी रहेेगी। बताया कि 16 दिसंबर तक दो घंटे कार्य बहिष्कार किया जाएगा। जबकि 17 से 19 तक इमरजेंसी व पोस्टमार्टम ड्यूटी छोड़ पूरी तरह से हड़ताल की जाएगी। 20 दिसंबर से संपूर्ण रूप से हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। प्रदर्शन में नरेश सिंह शाक्य, राजेंद्र सिंह शाक्य, रवींद्र सचान, नवीन गुप्ता, पुष्पेंद्र पाल, शिव कुमार, शिव प्रताप सिंह, विनोद कुमार, राजीव यादव, बृजेश बाबू शाक्य, निखिल गुप्ता आदि रहे।