अलीगंज। मुख्य विकास अधिकारी ने मंगलवार को देर शाम विकासखंड अलीगंज का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लॉक परिसर में संचालित विकास कार्यों की गहन समीक्षा की और विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। प्रगति खराब मिलने पर टेक्निकल सहायक और ब्लॉक कॉआर्डिनेटर के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों से संबंधित बुकलेट का अवलोकन किया। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित नियत प्रारूप के तहत अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। अभिलेखों की जांच के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया गया।
निरीक्षण उपरांत सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विकासखंड में संचालित योजनाओं, लंबित कार्यों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान सीडीओ ने सोशल ऑडिट में पाई गई सभी अनियमितताओं पर दोषियों से नियमानुसार वसूली करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके साथ ही मनरेगा योजना एवं बीबीजी रामजी योजना के अंतर्गत समस्त सक्रिय श्रमिकों की ई-केवाईसी 14 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रगति खराब मिलने पर टेक्निकल सहायक और ब्लॉक कॉर्डिनेटर के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।