मारहरा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नौजरपुर में बच्चों को फूल देकर स्वागती करतीं शिक्षिका। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। करीब छह महीने बाद प्राथमिक कक्षाओं के विद्यालय 1 सितंबर को खोले गए। हालांकि कोविड और बुखार की आशंकाओं के बीच उपस्थिति कम रही, लेकिन जो बच्चे पहुंचे, स्कूल में उनका जोरदार स्वागत किया गया। कहीं फूल और बैलून दिए गए तो कहीं तिलक लगाकर मुंह मीठा कराया गया। इससे बच्चे प्रफुल्लित हो उठे। कोविड की दूसरी लहर की दस्तक के साथ ही फरवरी में स्कूल बंद कर दिए गए थे। तबसे लगातार बंद चल रहे थे। ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कराई जा रही थी। पिछले दिनों माध्यमिक और महाविद्यालय के बाद उच्च प्राथमिक विद्यालयों को भी खोल दिया गया। वहीं पहले से तय निर्देशों के तहत 1 सितंबर को कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाओं वाले विद्यालय खोले गए।
मारहरा ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नौजरपुर में सहायक अध्यापिका अंशिका शर्मा ने छात्र-छात्राओं को फूल और गुब्बारे देकर स्वागत किया। हाथों को सैनिटाइज कराने के बाद उन्हें कक्षाओं में बैठाया। वहीं सकीट ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सकीट प्रथम में पहुंचे छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। लंबे समय बाद पढ़ाई को लेकर बच्चे उत्साहित नजर आए। वहीं लंच टाइम में अपने दोस्तों के साथ जमकर मौज-मस्ती भी की।