अलीगंज। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को एनक्यूएएस के तहत क्षेत्र के गांव फरसोली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का ऑनलाइन मूल्यांकन किया। इसमें जिले की टीम की मौजूदगी में कस्बे के स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ. अश्वनी मित्तल ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की।
ऑनलाइन मूल्यांकन में एएनएम, आशा और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से सवाल-जवाब किए गए। लाभार्थियों और बच्चों से बातचीत कर सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आंकलन किया गया। डॉ. अश्वनी मित्तल ने बताया एनक्यूएएस के तहत होने वाले मूल्यांकन में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिए अच्छी पहल है, इससे अधिकारियों और कर्मचारियों में सक्रियता बढ़ती है। उन्होंने कहा इससे स्वास्थ्य सेवाएं और भी बेहतर होंगी।
ऑनलाइन मूल्यांकन में जिले की टीम के साथ ही ब्लॉक की टीम, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, एएनएम और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिले की टीम में शामिल मनोज और प्रदीप ने कहा जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का एनक्यूएएस के तहत ऑनलाइन मूल्यांकन किया जा रहा है।