एटा। हालात बहुत ज्यादा बिगड़ चुके हैं, आने वाले दिन और कठिन होंगे। हम आपको डरा नहीं रहे हैं, सावधान कर रहे हैं। ताकि बचाव कर आप सुरक्षित रहें और संक्रमण से बचे रहें। इन दिनों जिले में की जा रही जांच को ही आधार मानें तो हर सातवां व्यक्ति संक्रमित पाया जा रहा है। एक सप्ताह की ही बात करें तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से 7414 लोगों की जांच कराई गई। इनमें से 1056 लोग संक्रमित पाए गए। यह हालात तो तब हैं जबकि इन दिनों एंटीजन रेपिड टेस्टिंग कार्ड जरूरत के अनुसार नहीं मिल रहे और जांचें कम ही हो पा रही हैं। जांच बढ़ें तो मरीजों का आंकड़ों और बढ़ सकता है।
...फिर भी लापरवाही
एक ओर कोरोना के आंकड़े डरा रहे हैं तो दूसरी ओर लोगों की लापरवाही कम नहीं हो रही। शुक्रवार को भी बाजारों, दफ्तरों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तमाम लोग बिना मास्क लगाए नजर आए। खुले स्थानों पर हाथों को सैनिटाइजर या धोए बिना खाते-पीते दिखाई दिए।
यह है एक सप्ताह की स्थिति
-------------------------
तारीख जांच संक्रमित
17 अप्रैल 1310 185
18 अप्रैल 1446 157
19 अप्रैल 895 201
20 अप्रैल 1137 217
21 अप्रैल 1353 129
22 अप्रैल 1273 167
चिकित्सक बोले
--------------
कोरोना संक्रमण काल में आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता आपके लिए संजीवनी से कम नहीं है। इसे अच्छी बनाए रखना चाहते हैं तो संयमित दिनचर्या अपनाएं। हल्का बुखार, खांसी होने पर हड़बड़ाएं नहीं। स्वयं ही कोरोना संक्रमण का निर्णय लेंगे तो डिप्रेशन में जा सकते हैं, इससे बचें।
- डॉ. सौरभ राजपूत
--------------
इस समय सकारात्मक और सावधान रहना बहुत जरूरी है। तनाव लेंगे तो संक्रमण का खतरा बढ़ जाएगा। यह भी ध्यान रखें कि बाहर हर तरफ वायरस फैला हुआ है। ऐसे में मास्क जरूर पहनें। हो सकें तो हैंडग्लब्स प्रयोग करें और हाथों को बार-बार सैनिटाइज करते रहें।
- डॉ. रविंद्र चौहान
-----------------
वर्जन
उपलब्ध संसाधनों के अनुसार जांच और उपचार की व्यवस्थाएं की गई हैं। दो हफ्तों से नए मामलों में लगातार वृधि हुई है। इसे कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की दवाएं दी जा रही हैं। - डॉ. अरविंद कुमार गर्ग, सीएमओ