अलीगंज। सीजेएम न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उपनिबंधक सहित सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। दर्ज कराई प्राथमिकी में कस्बे के एक युवक ने बैनामे के बाद साजिश के तहत शुद्धिपत्र तैयार कर उसकी जमीन हड़पने का आरोप लगाया है।
कस्बे के मोहल्ला सुदर्शनदास निवासी शिवांग मिश्रा ने बताया कि 5 अगस्त 2025 को सराय अगहत के अरुण सैनी से एक भूखंड का बैनामा कराया था। बैनामा होने के बाद 12 अगस्त 2025 को साजिश के तहत एक शुद्धिपत्र तैयार कराया गया जो वर्ष 2019 के बैनामे के आधार पर है। सात वर्ष बाद तैयार किया गया शुद्धिपत्र नियमों के विरुद्ध है। संबंधित गाटा संख्या के एक सहखातेदार की मृत्यु के बाद तैयार किया गया शुद्धिपत्र अवैध है।
शुद्धिपत्र तैयार किए जाने में संगीता कौशल, मनोज कुमार सैनी, रामू सैनी, शाकिर उल्लाह खां, शिवम कौशल, शुद्धपत्र लेखक अरविंद कुमार गुप्ता, तहसील अलीगंज के उपनिबंधक प्रकाश शर्मा की भूमिका बताई गई है। सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू करा दी गई है।