एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र के एक गांव में कच्चे मकान की छत गिरने से वृद्धा की मौत हो गई। सोमवार रात को सोते समय यह हादसा हुआ। मलबे में दबी वृद्धा को ग्रामीण करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद घायल अवस्था में बाहर निकाल सके, लेकिन डॉक्टर के पास पहुंचने से पहले सांसें थम गईं।
गांव सोंगरा निवासी ओमवती (68) पत्नी धीरेंद्र सिंह सोमवार रात हादसे का शिकार हो गईं। परिजनों ने बताया कि खाना खाने के बाद हम लोग बाहर सो गए थे जबकि ओमवती मकान के अंदर सो गईं। रात करीब 10 बजे अचानक मकान की छत गिर गई। जिसकी तेज आवाज से हम सभी चौंक कर उठ गए। देखा कि मलबे में ओमवती दबी हुई थीं।
चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण एकत्रित हो गए। मलबा हटाकर बाहर निकाला तब ओमवती की सांसें चल रही थीं। पिलुआ स्थित एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह पुलिस को हादसे की सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराया।