एटा। विस चुनाव की चारों सीटों के लिए 25 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कलक्ट्रेट परिसर में इसके लिए चार न्यायालय कक्षों में व्यवस्था की गई है। सोमवार से बैरीकेडिंग शुरू कराई जाएगी। नामांकन प्रक्रिया 4 फरवरी को पूरी होगी। 20 फरवरी को मतदान है। 18 फरवरी की शाम से चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा।
ऐसे में प्रत्याशियों को प्रचार करने के लिए केवल 14 दिन ही मिलेंगे। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन करने के लिए 25 जनवरी से 1 फरवरी तक मौका दिया जाएगा। जबकि 2 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 4 फरवरी को नाम वापस लेने का समय दिया गया है।
ये बनाए रिटर्निंग अधिकारी
विस आरओ
एटा सदर शिवकुमार, एसडीएम सदर
मारहरा वेदप्रिय आर्य, एएसडीएम
अलीगंज मानवेंद्र सिंह, एसडीएम अलीगंज
जलेसर रामनयन सिंह, एसडीएम जलेसर
अभी तक केवल चार प्रत्याशी घोषित
नामांकन प्रक्रिया बिल्कुल नजदीक आ गई है, लेकिन अभी तक प्रत्याशियों की स्थिति साफ नहीं हो पा रही है। चारों विधानसभा पर कुल चार प्रत्याशी ही घोषित किए गए हैं। इनमें भाजपा ने एटा सदर सीट पर विधायक विपिन वर्मा डेविड और अलीगंज सीट पर विधायक सत्यपाल सिंह राठौर को टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस ने सदर सीट पर गुंजन मिश्रा और आम आदमी पार्टी ने मारहरा सीट पर अर्जुन सिंह यादव को प्रत्याशी बनाया है।
केवल तीन लोगों को मिलेगा प्रवेश
कोविड संक्रमण के चलते इस बार नामांकन करने के लिए एक साथ केवल तीन लोगों को ही कलक्ट्रेट के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। एक उम्मीदवार के अलावा उसके साथ दो लोग ही जा सकेंगे।
धरना स्थल पर रोक दिए जाएंगे वाहन
नामांकन के लिए आने वालों के वाहन धरना स्थल पर ही रोक दिए जाएंगे। कलक्ट्रेट परिसर के लिए केनरा बैंक की ओर से आने वाली रोड खुली रहेगी। धरना स्थल पर गाड़ी खड़ी कर उम्मीदवार पैदल कलक्ट्रेट तक पहुंचेंगे।
प्रक्रिया पूरी होने तक आमजन के प्रवेश पर रोक
चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से लेकर इसके पूरे होने तक आमजन के कलक्ट्रेट में प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। नामांकन प्रक्रिया में किसी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए यह एहतियात बरती जाएगी।