एटा। मेडीकल कॉलेज में झुलसे साधु के उपचार में लापरवाही कॉलेज प्रशासन और चिकित्सकों के लिए गले की फांस बन गया है। डिप्टी सीएम के संज्ञान लेने के बाद मेडीकल कॉलेज प्रशासन में अफरा-तफरी मची है। दबी जुबान से कार्रवाई की बात कही जा रही है, लेकिन स्पष्ट नहीं कहा जा रहा है किस-किस पर गाज गिरी है।
उप मुख्यंत्री बृजेश पाठक ने झुलसे साधु रामजीलाल निवासी गांव गौशलपुरा थाना जैथरा के इलाज में लापरवाही बरतने को लेकर मंगलवार को ट्वीट किया था। इसके बाद से मेडिकल कॉलेज प्रशासन और चिकित्सकों में हलचल है। मामला शासन तक पहुंचा तो कार्रवाई होना भी तय माना जा रहा है। जिम्मेदार दबी जुबान में कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं, लेकिन किसके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है, यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा है। अब मामला शासन स्तर तक पहुंच गया है ऐसे में कार्रवाई करना मजबूरी बन गया है।