एटा। एटा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। नगर विकास अनुभाग ने उनको 30 सितंबर को अपना पक्ष रखने के लिए फिर तलब किया है।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीरा गांधी पर आरोप हैं कि वर्ष 2018 में बोर्ड बैठक की मिनट बुक में उन्होंने छेड़छाड़ की थी। स्थानीय स्तर पर जांच में आरोप सही पाए गए। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस भेजा गया। 16 अगस्त 2018 को अध्यक्ष ने तथ्यों के साथ स्पष्टीकरण दिया। जिन्हें भ्रामक, असत्य व निराधार बताया गया। रिपोर्ट शासन में भेज दी गई। इसके बाद नगर विकास अनुभाग ने पालिकाध्यक्ष को तलब किया। वह नहीं पहुंची तो उन्हें स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए फिर तलब किया गया है।
एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि पालिकाध्यक्ष ने इस मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग में एक प्रार्थना पत्र दिया। इसमें प्रशासन की ओर से विद्वेषपूर्वक कार्रवाई का आरोप लगाया। लेकिन आयोग से उन्हें राहत नहीं मिली।