एटा। सकीट कस्बे में बृहस्पतिवार को फर्रुखाबाद जनपद के भड़ोसा ग्राम निवासी डॉ. मोहम्मद आजाद पहुंचे। वह पैदल हज यात्रा पर निकले हुए हैं।
मुस्लिम समाज के लोगों ने माल्यार्पण कर उनका जोरदार स्वागत किया। डॉ. आजाद ने बताया कि मक्का-मदीना में ईद-उल-अजहा के समय हज करेंगे। अभी से तकरीबन साढ़े आठ हजार किमी से अधिक दूरी पैदल तय करने का संकल्प लिया है। पदयात्रा के दौरान ग्राम प्रधान मुजम्मिल सिद्दीकी समेत कई लोग देश के बॉर्डर तक साथ जाएंगे। वहां से अपनी यात्रा अकेले ही तय कर पाकिस्तान होते हुए इराक, कुवैत और फिर सऊदी अरब पहुंचेंगे। वहां तक की दूरी तय करने में 9 महीने का समय लगेगा।
बताया कि वह हर रोज 25 से 30 किलोमीटर दूरी तय करेंगे। एटा से अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचेंगे। ताहिर हुसैन, मोहम्मद जीसान, मुस्तकीम सिद्दीकी, मुर्तजा हसन, सरीफ सिद्दीकी, अयाज हुसैन, परवेज अख्तर आदि उनके साथ चल रहे थे।