जलेसर (एटा)। विकास खंड क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय पुन्हैरा में गत चार माह से एमडीएम नहीं बन रहा। इससे अभिभावकों में रोष है।
160 से अधिक बच्चों वाला उच्च प्राथमिक विद्यालय पुन्हैरा अव्यवस्थाओं की मार झेल रहा है। प्रधानाध्यापक एक साल से नदारद हैं। शिक्षिका भी नियमित नहीं आती। प्राइवेट शिक्षक से खानापूरी कराई जा रही है। आदेश केे बाद भी भोजन नहीं बन रहा।
ऐसे में छात्र उपस्थिति प्रभावित है। अभिभावक राजू, अंजुम खान, योगेंद्र सिंह आदि का आरोप है कि शिकायत के बाद जांच तो हुई लेकिन कार्रवाई न होने से इनके हौसले और भी बुलंद हैं।
एक वर्ष से प्रधानाध्यापक अनुपस्थित है। प्रभारी दीपा देवी निर्देश के बाद भी एमडीएम नहीं बनवा रहीं। स्कूल में तैनात शिक्षक शिक्षिका के निलंबन की संस्तुति बीएसए को की जा चुकी है। कार्रवाई का इंतजार है।
डॉ वंदना सैनी, खंड शिक्षा अधिकारी
शिक्षिका की मनमानी की शिकायत करने पर वह उल्टे गलत आरोप लगाने लगती है। कुछ दिन पूर्व जानलेवा हमले की झूठी प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी।
सुमन कुमारी, ग्राम प्रधान