एटा। दिल्ली जा रहे व्यक्ति की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा थाना पिलुआ क्षेत्र में नगरिया मोड़ के पास शुक्रवार देर रात हुआ।
प्रिंस कुमार (38) निवासी खरसुलिया थाना नयागांव शुक्रवार रात दिल्ली जाने के लिए घर से निकले थे। वह दिल्ली के चांदनी चौक बाजार में कपड़ों की दुकान पर काम करते थे। पांच दिन पहले वह गांव आए थे और शुक्रवार रात वापस दिल्ली लौट रहे थे। मौसेरे भाई संदीप सिंह ने बताया कि देर रात पिलुआ पुलिस की ओर से हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां उन्हें प्रिंस की मौत होने की बात बताई गई।
संदीप ने बताया कि घटना नगरिया मोड़ पर हुई है लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किस वाहन ने प्रिंस को टक्कर मारी। हादसा कैसे हुआ, यह भी साफ नहीं हो सका है। थाना प्रभारी संजय राघव ने बताया कि दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के कारणों व वाहन की पहचान की जा सके।