दिल्ली से पति के साथ लौट रही सतर्क महिला ने तीन अंतर्जनपदीय बदमाशों को पकड़वाया साथ ही जेवरात, नगदी बदमाशों के हाथ में जाने से बचा ली। महिला की चीख-पुकार की आवाज सुनकर एकत्रित हुए लोगों ने बदमाशों को जमकर पीटा और सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया है।
कासगंज थाना सिढ़पुरा के गांव चांदपुर निवासी संतोष अपनी पत्नी प्रिया के साथ गुरुवार अल-सुबह दिल्ली से एटा बस स्टेंड पहुंचे। गांव जाने के लिए सुबह करीब छह बजे टाटा मैजिक में बैठ गए। मैजिक में तीन बदमाशों के अलावा अन्य सवारी भी बैठी हुई थी। इसी दौरान बदमाशों ने महिला का बैग गायब कर दिया। महिला को बदमाशों पर शक हुआ और उन्होंने गंजडुंडवारा रोड स्थित मोहल्ला अशोक विहार के पास मैजिक रुकवा ली। मैजिक रुकते ही बदमाश भागने लगे। महिला की चीख सुनकर सवारियाें तथा आस-पास के लोगों ने भागकर तीनों बदमाशों को पकड़कर जमकर पिटाई की सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिए। तलाशी लेने पर बदमाशों से सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पायल, बच्चे की करधनी, मुकुट छोटा, दो जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बच्चे की पायल, छत्र, जंजीर, बिछिया तथा तीन हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। बदमाशों ने अपने नाम इरफान भुजपुरा भुल्लावाडा कोतवाली नगर जिला अलीगढ़, विजय गुप्ता निवासी दमदमा थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस, आस मोहम्मद निवासी अगवानपुर थाना परीक्षितगढ़ जिला मेरठ बताया। बदमाशों ने सख्ती से पूछताछ करने पर बताया कि एक मार्च जिला अस्पताल परिसर से वृद्ध महिला की चैन लूटने की घटना भी कबूल की।