कासगंज। कोरोना संकट के चलते शासन से उपलब्ध कराए जा रहे निशुल्क राशन वितरण का लाभ पाने से सक्रिय मनरेगा श्रमिक अब वंचित नहीं रहेंगे। आपूर्ति विभाग ने ऐसे श्रमिकों के राशन कार्ड बनवाने शुरू कर दिए हैं। अब तक 1500 नए राशन कार्ड जारी भी कर दिए हैं। ये श्रमिक मई माह से राशन का लाभ ले सकेंगे।
शासन से तीन माह के लिए अंत्योदय कार्ड धारकों व पात्र गृहस्थी के तहत मनरेगा सक्रिय श्रमिक, नगर पालिका में पंजीकृत श्रमिक, श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को निशुल्क राशन का वितरण शुरू कराया गया है। इसके साथ ही सभी कार्डधारकों को निशुल्क चावल भी दिया जा रहा है, लेकिन कई मनरेगा श्रमिक ऐसे भी हैं जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। शासन से निर्देश के बाद विभाग ने ऐसे मजदूरों के राशन कार्ड जारी करना शुरू कर दिया है। आपूर्ति विभाग ने विकास खंड कार्यालय की रिपोर्ट के आधार ऐसे श्रमिकों के राशन कार्ड बनवाने की व्यवस्था की है।
- मनरेगा योजना के तहत जिन सक्रिय श्रमिकों के पास राशन कार्ड नहीं हैं उनके राशन कार्ड विभाग ने बनवाए हैं। ऐसे कार्डधारकों को डीलर के माध्यम से राशन की व्यवस्था भी की गई है ताकि वे योजना का लाभ पाने से वंचित न रहें। - सत्यवीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी।