सोरों। लहरा मार्ग पर बने कुष्ठ आश्रम पर शुक्रवार रात बदमाशों ने धावा बोलि दिया। कुष्ठ रोगियों की पिटाई कर आश्रम को बनाने वाले ठेकेदार की अलमारी का लाकर तोड़ दिया। चीखपुकार मचने पर पहुंचे ग्रामीणों को देख बदमाश भाग निकले। पांच कुष्ठरोगियों को गंभीर अवस्था में अलीगढ़ रेफर किया है।
गौरतलब है कि करीब एक करोड़ की लागत से कुष्ठ आश्रम में बाउंड्रीवाल निर्माण का काम चल रहा है। ठेकेदार ने एक कक्ष में अपनी लोहे की अलमारी रखी है जिसमें वह रुपये और अन्य कागजातों को रखता है। शुक्रवार रात को आधा दर्जन बदमाशों ने कुष्ठ आश्रम में धावा बोल दिया। ठेकेदार की अलमारी को तोड़ दिया लेकिन रुपये नहीं मिले। इसके बाद बदमाशों ने कुष्ठ रोगियों के कमरों में जाकर सामान को खंगाला वहां भी कुछ नहीं मिला तो उन्होंने लोगों की पिटाई शुरू कर दी। महिलाओं को भी नहीं बख्शा। चीख पुकार होने पर कुछ कुष्ठरोगी महिलाएं पड़ोस के ग्राम पाठकपुर की ओर दौड़ पड़ीं। सूचना पर ग्रामीण पहुंच गए। घेराबंदी होते देख बदमाश भाग निकले। मारपीट में कुष्ठ रोगी संतोष (40), मालती (45), मुरारीलाल (60), कमला(50), राजकुमारी (25), सरदार (80), उर्मिला (60) को गंभीर चोटें आने पर अलीगढ़ रेफर किया है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। सीओ एके सिंह ने भी जांच पड़ताल की।