एटा/अवागढ़। अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव सरानी में भाजपा नेता के घर शुक्रवार रात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। सुबह घरवालों को जानकारी हुई। चोरों ने पड़ोस के दो अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया के प्रतिनिधि रह चुके गांव सरानी निवासी राजेश कुमार ने थाने में तहरीर दी है। इसमें बताया कि गांव में उनके माता-पिता रहते हैं। शुक्रवार रात चोर छत पर चढ़कर घुसे और सीढ़ी के दरवाजे की कुंडी तोड़ घर के अंदर पहुंच गए। माता-पिता एक कमरे में सो रहे थे। चोरों ने अलमारी में रखे 10 तोले सोने के जेवरातों में 6 चूड़ी, एक पेंडल, एक चेन, तीन जोड़ी कुंडल, छह अंगूठी के अलावा 250 ग्राम चांदी के जेवरात व अलमारी में रखे 60 हजार रुपये पार कर दिए। माता-पिता को सुबह जानकारी हुई। बताया कि चोरों ने पड़ोस के अजीतपाल सिंह की छत पर चढ़कर सीढ़ियों का दरवाजा तोड़ा। बल्ब निकालकर पीछे का गेट तोड़ने का प्रयास किया। एक अन्य पड़ोसी के यहां भी चोरी का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की। थानाध्यक्ष मानवेंद्र त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।